लखीमपुर खीरी/भीखमपुर/मतौली।
कस्ता-भीखमपुर मार्ग पर शुक्रवार की शाम सेनपुर चौराहा के पास रोडवेज बस ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे थाना नीमगांव के गांव रायपुर बनिका निवासी 20 वर्षीय दीपक और उस पर सवार उसकी 45 वर्षीय मां शिवरातरी की मौके पर ही मौत हो गई। यहां भी सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम को जिला मुख्यालय भेजा है।
थाना नीमगांव के गांव रायपुर बनिका निवासी दीपक अपनी मां शिवरातरी को लेकर थाना मितौली के गांव सेनपुर निवासी अपने मौसा कमलेश मौर्य के घर गए थे। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे वापस लौटते समय सेनपुर चौराहे पर कस्ता की तरफ मुड़ते समय सामने से आ रही रोडवेज बस की बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे दीपक और उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। इससे मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। सूचना पर एसओ ओपी रजक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों शव मार्ग के किनारे कर यातायात शुरू कराया। एसओ ने बताया कि हादसे के बाद चालक बस मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
हेलमेट के प्रति
गंभीर नहीं लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक हेलमेट नहीं पहने था। खास बात यह है कि जिले में हेलमेट को लेकर पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। जहां पुलिस पब्लिक के साथ मिलकर रैलियां निकाल रही है। वहीं चेकिंग के दौरान वसूले गए जुर्माने से भी हेलमेट बांटे जा रहे हैं। बावजूद इसके लोग हेलमेट के प्रति गंभीर नहीं हैं।
मां-बेटे की मौत से गांव
में पसरा मातमी सन्नाटा
सिकंदराबाद। कस्ता-भीखमपुर मार्ग पर सड़क हादसे में थाना नीमगांव के गांव रायपुर बनिका निवासी मां-बेटे की मौत की सूचना गांव पहुंची तो लोग आवाक रह गए। परिवार में जहां कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
गांव रायपुर बनिका निवासी दीपक की शादी तय हो चुकी है। वह मां के साथ बाइक से अपने मौसा के घर थाना मितौली के गांव सेनपुर लड़की देखने के लिए समय और तारीख बताने गया था। हादसे के बाद उसके परिवार की खुशियां पल भर में काफूर हो गईं। मृतक दीपक के परिवार में अब उसके पिता, एक छोटा भाई रवि और बहन मनिसा हैं। हादसे से घर में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग विलख रहे परिवार के लोगों को दिलासा दे रहे हैं। मां-बेटे की मौते से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।