13 constables of Mahewaganj outpost were removed to hide the incident of theft
एसपी ने गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें सदर कोतवाली भेजा
महेवागंज। सदर कोतवाली की महेवागंज चौकी क्षेत्र में चोरी की घटना को छिपाना चौकी के सिपाहियों को महंगा पड़ गया। एसपी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए 13 सिपाहियों को चौकी से तत्काल हटाकर सदर कोतवाली भेजा है।
मंगलवार की रात सदर कोतवाली की पुलिस चौकी महेवागंज के गांव बुढनापुर निवासी सर्वजीत सिंह उर्फ सुब्बा के घर से चोरों ने हजारों की नकदी और जेवर साफ कर दिया था। वही चौकी से चंद कदम दूर कमलेश कुमार के घर के बाहर खड़ी बाइक चोर चुरा ले गए थे। बाइक चोरी की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। च़ौकी पुलिस दोनों घटनाओं को छुपाए रही और इसकी सूचना अपने उच्चाधिकारियों तक को नहीं दी। पीड़ित से एसपी को घटना की जानकारी हुई। इस पर एसपी संजीव सुमन ने इसे बड़ी लापरवाही माना और बृहस्पतिवार को पुलिस चौकी पर तैनात सभी सिपाहियों को अपने कार्यालय तलब कर कड़ी फटकार लगाई। साथ ही सभी बीट सिपाहियों को पुलिस चौकी से हटाकर सदर कोतवाली में तैनात कर दिया। एसपी ने सदर कोतवाली से सिपाहियों को पुलिस चौकी महेवागंज भेजा है। एसपी संजीव सुमन के इस कदम से पुलिस कर्मियों में खलबली मची हुई है। उधर, चौकी इंचार्ज महेवागंज सतीश द्विवेदी का कहना है कि बुढ़नापुर गांव में चोरी हुई थी। पीड़ित कोई कार्रवाई नहीं चाहता था। अधिकारियों को घटना की सूचना न देने पर एसपी ने सभी चौकी के सभी सिपाहियों को हटाकर कोतवाली सदर भेजा है।