ओवरलोड ट्रक ने बैलगाड़ी को मारी टक्कर, चालक और बैल की मौत
निघासन। गुनाखर टांडा से डनलप में गन्ना भरकर पिरथी पुरवा स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर जा रहे बैल गाड़ी को ओरलोड ट्रक ने पिरथी पुरवा गन्ना क्रय केंद्र से पहले जोरदार टक्कर मार दी। इससे बैल गाड़ी चालक और एक बैल की मौके पर मौत हो गई। बैलगाड़ी के पीछे आ रहे एक डलनप का एक भैंसा भी इस हादसे में घायल हो गया। यह हादसा अधिक कोहरा होने के कारण बताया जा रहा है।
गांव गुनाखर टांडा निवासी रूप सिंह ने बताया कि उनकी गन्नें की पर्ची आई थी। गन्ना क्रय केंद्र की दूरी अधिक होने के कारण बुधवार शाम ही गन्ना आदि भरकर बैलगाड़ी खड़ी कर ली गई थी। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे उसके 60 वर्षीय पिता श्रवण भगत अपने साथियों के साथ बैलगाड़ी लेकर गन्ना क्रय केंद्र पर आ रहे थे। क्रय केंद्र से पहले पलिया से निघासन की ओर रेलवे के सीमेंट के पिलर भरकर ओवरलोड ट्रक आ रहा था। अधिक स्पीड और घना कोहरा होने के कारण वह सड़क की दाई ओर जा रहे बैलगाड़ी को देख नहीं पाया और टक्कर मार दी। इससे बैलगाड़ी चालक श्रवण के सिर और पैर में काफी चोट आई। घटना स्थल पर ही करीब आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई। टक्कर लगने से बैल को भी चोट आईं। पीछे से आ रहा दूसरा डनलप भी इसकी चपेट में आ गया। डलनप लेकर आ रहे एक भैंसा भी चोटिल हुआ। हादसे की वजह से काफी देर तक जाम भी लगा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे तैसे जाम हटवाया और शव को भी पोस्टामर्टम के लिए भेजा। पूर्व प्रधान दिनेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए ट्रक को कब्जे में लिया है।
समय से पहुंचती एंबुलेंस तो बच सकती थी जान
मृतक श्रवण के बेटे रूप सिंह ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने 108 पर फोन करके घटना की जानकारी दी। 108 एंबुलेंस के कर्मचारी ने उसके चालक से बात कराते हुए शीघ्र ही एंबुलेंस भेजने का आश्वाशन दिया था। हादसे के करीब तीन घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची थी। लोगों को आक्रोशित देखकर एंबुलेंस चालक वहां से गाड़ी लेकर वापस लौट आया।
वर्जन
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सड़क पर चल रहे ओवरलोड वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- संजय त्यागी, प्रभारी निरीक्षक