पेशी से घर वापस लौट रहे हिस्ट्रीशीटर को अज्ञात लोगों ने शुक्रवार की शाम गैसापुर मार्ग पर घेर लिया और उसकी धारदार हथियार से खांदकर उसकी हत्या कर दी। सरेशाम हुई हत्या से क्षेत्र में दहशत फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी में जुट गई।
गांव सुरजनपुर निवासी 40 वर्षीय माता प्रसाद उर्फ मतऊ शातिर अपराधी है। डेढ़ महीने पहले ईसानगर पुलिस ने उसे चोरी के एक मामले में चालान कर जेल भेजा था। इसी हफ्ते वह जमानत पर रिहा हुआ था। उस पर हत्या के प्रयास समेत 10 संगीन अपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी थाना ईसानगर में हिस्ट्रीशीट भी खुली है। शुक्रवार को हिस्ट्रीशीटर माता प्रसाद उर्फ मतऊ पेशी पर लखीमपुर कचहरी गया था। वापस आते समय शाम करीब पांच बजे अज्ञात हमलावरों ने उसे खमरिया खुर्द से गैसापुर जाने वाले मार्ग पर विवेक पांडे के खेत के पास उसे घेर लिया और उसकी धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ प्रहार कर खांद कर हत्या कर दी। बेखौफ हत्यारों की आंखों में खून देख राहगीरों के भी होश उड़ गए। कोई उसका पास तक जाने का साहस नहीं जुटा सका। किसी राहगीर ने हत्या होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक आलोकमणि त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सूचना पर रोते-विलखते परिवार के लोग भी मौके पर आ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पोस्टमार्टम को भेजने के लिए पुलिस कागजी कार्रवाई करने में जुट गई है।
हिस्ट्रीशीटर की सरेशाम धारदार हथियार से खांदकर हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया मामला आपराधिक रंजिश का प्रतीत होता है। मारने वाले भी या तो इसके साथी रहें होंगे या फिर पुराने दुश्मन होंगे। हर पहलू पर विवेचना की जाएगी और हत्यारे जल्द पकड़े जाएंगे।
रामलाल वर्मा, एसपी