तिकुनिया। मोहाना नदी के तेज बहाव से जसनगर गांव पर अस्तित्व का संकट मंडरा रहा है। बीते एक सप्ताह में कटान से 12 घर नदी में समा चुके हैं।
कई परिवार बेघर हो गए हैं, लेकिन उन्हें अब तक रहने का ठिकाना नहीं मिला है। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील प्रशासन की ओर से आश्वासन तो मिल रहे हैं, लेकिन कोई ठोस सुनवाई नहीं हुई।
कटान से मोहाना नदी तिकुनिया-मैलानी-नानपारा रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ रही है। नदी अब ट्रैक से महज 200 मीटर दूर रह गई है। इससे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार रात रमेश, लोरी प्रसाद, रविंदर और काशी के घर नदी में समा गए। इससे पहले रामबली, बनवारी लाल, राजकुमार, रामजीवन, सियाराम, दिनेश, शिव भगवान और बालकराम के घर भी कटान की भेंट चढ़ चुके हैं।
ग्रामीणों की सूचना पर पूर्व एसडीएम यदुवीर सिंह ने गांव पहुंचकर कटान का निरीक्षण किया था। उन्होंने प्रभावितों को मुआवजा दिलाने और बेघर परिवारों को बसाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसी बीच उनका तबादला हो गया।
निघासन की नवागत एसडीएम भावना विमल ने बताया कि उन्होंने सोमवार को कार्यभार ग्रहण किया है। जल्द ही गांव पहुंचकर कटान का निरीक्षण करेंगी। प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी।