मैलानी। डग्गामार बस के नाबालिग चालक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चालक हेलमेट लगाए था, इसके चलते उसकी जान बच गई, लेकिन उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को तहरीर देकर रेलवे की सीमा से डग्गामार बसों का संचालन रोकने की मांग की है। मोहल्ला धर्मशाला निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रमेश बेदी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से सुबह छह बजे मार्केट में पहुंचे, तो सामने से आई पीलीभीत जाने वाली निजी ट्रांसपोर्ट की एक डग्गामार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। उस समय बस किशोर चला रहा था। टक्कर के बाद चालक मौके से भाग गया। इन डग्गामार बसों से दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर मेन मार्केट और रेल सीमा से निजी ट्रांसपोर्ट की पीलीभीत जाने वाली डग्गामार बसों का संचालन बंद करने की मांग की है।
ट्रेनें बंद होने के कारण चल रही डग्गामार बसें
मैलानी। मैलानी-पीलीभीत और मैलानी-सीतापुर रेलखंड पर ट्रेनों का आवागमन बंद होने के बाद से यहां एक निजी ट्रांसपोर्टर की डग्गामार बसें धड़ल्ले से चल रही हैं। ये बसें पीलीभीत के अलावा लखनऊ भी जाती हैं, लेकिन परिवहन विभाग और पुलिस इस ओर से बेखबर है।