जेडी ने सीएचसी पलिया और बिजुआ का किया निरीक्षण
साफ सफाई को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। मंडलीय अपर निदेशक ने शुक्रवार को जिले में आकर पलिया और बिजुआ सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी की साफ सफाई सहित वहां भर्ती मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को चेताया कि मरीजों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जेडी अतुल कुमार मिश्रा शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे जिले पर आए। सीएमओ के साथ वह बिजुआ और पलिया सीएचसी के लिए रवाना हो लिए। बिजुआ पहुंचे जेडी ने अधीक्षक डॉ.अमितेश द्विवेदी से स्टाफ की उपस्थित के साथ ही वहां की साफ सफाई और प्रसूताओं के लिए चल रही जननी सुरक्षा योजना आदि की जानकारी ली। उन्होंने अधीक्षक को सीएचसी की साफ सफाई को और बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं पलिया पहुंचे जेडी ने भर्ती मरीजों से उनको मिलने वाली दवाएं, उनकी सुरक्षा एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रही योंजनाओं के बारे में मालुमात की। उन्होंने पलिया अधीक्षक को मरीजों को शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ दिए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीएमओ डॉ.मनोज अग्रवाल, एसीएमओ डॉ. बीसी पंत मौजूद रहे।