16 एलकेएच 25
ओडीएफ नहीं हो पाया शहर, पालिका का दावा फेल
पालिका प्रशासन 30 वार्ड में 24 को ओडीएफ करने का कर रहा दावा
शेष छह वार्डों में काम पूरे कराने का 30 सितंबर तक तय किया समय
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। शहर को ओडीएफ करने की कई तारीख बदलने के बावजूद नगर पालिका परिषद ने इस बार भी 15 सितंबर तक काम पूरे नहीं कर पाए, इस कारण शहर ओडीएफ नहीं हो सका। शहर में 2929 शौचालय बनने हैं, जिसमें से 2524 शौचालय बन चुके हैं। अब 30 सितंबर की नई तारीख तय की गई है।
मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद नगर पालिका प्रशासन ओडीएफ को लेकर संजीदा नजर आ रहा है। पिछले 15 दिनों से शौचालय निर्माण के कार्य में तेजी भी आई है। साथ ही खुले में शौच करने वालों को रोकना, समझाना और फिर उनसे जुर्माना भी वसूला गया है। एक सितंबर को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने शहर को 15 सितंबर तक हर हाल में ओडीएफ करने का दावा किया था। हालांकि नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया था कि सात सितंबर तक कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट दें। नगर निकाय अनुभाग ने इसकी रिपोर्ट भी बनाई, जिसमें शहर में 24 वार्ड ओडीएफ होने का दावा किया गया है, जबकि छह वार्ड अभी शेष हैं। बचे हुए छह वार्डों को अब 30 सितंबर तक ओडीएफ करने के लिए नई तारीख तय की गई है।
-----------
कम की जा रही शौचालयों की संख्या
शहर को जल्द से जल्द ओडीएफ करने को लेकर पूर्व में शौचालय बनाने के लिए तय लक्ष्य को भी कम किया जा रहा है। अब उन शौचालयों को सूची से बाहर किया जा रहा है, जहां काम शुरू नहीं हुआ। उसकी जगह सामुदायिक शौचालय का विकल्प दिया जा रहा है।
----------
30 तक पूरा हो जाएगा लक्ष्य
2524 शौचालय बन गए हैं। अवशेष शौचालयों का निर्माण तेजी से हो रहा है। उम्मीद है कि दस दिनों से शौचालय निर्माण का कार्य पूर्ण हो जाएगा। जहां शौचालय नहीं बन सकते, वहां सार्वजनिक शौचालय बनवाए जाएंगे।
-अखिलेश त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी-नगर पालिका परिषद, लखीमपुर।