राशन कम देने पर ग्रामीणों का हंगामा
एसडीएम ने कोटे की जांच सप्लाई इंस्पेक्टर को सौंपी
निघासन। क्षेत्र के गांव रकेहटी में कोटे का राशन कम देने और निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा लेने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मामले की शिकायत होने पर भाजपा नेता तराजू बांट लेकर मौके पर पहुंचे। वहां पर कई उपभोक्ताओं को राशन कम निकला। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीएम से की है। एसडीएम ने जांच सप्लाई इंस्पेक्टर को सौंपी है।
रकेहटी निवासी बेला पत्नी शत्रोहन, सरोज कुमार, अंकुश, सुरेंद्र आदि ने बताया कि वह लोग राशन लेने के लिए कोटेदार शाबरुन निशा के यहां गए थे। आरोप है कि राशन लेने के बाद कोटेदार ने प्रत्येक कार्ड धारक को कम राशन दिया। इस बात का विरोध करने पर कोटेदार ने अभद्रता भी की। नाराज कार्ड धारक भाजपा नेता देवेंद्र चतुर्वेदी के पास पहुंचे। देवेंद्र चतुर्वेदी अपने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ तराजू लेकर कोटे पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने कई कार्ड धारकों के राशन तौला। तौल के दौरान छह लोगों में तीन से चार किलो राशन कम निकला। आरोप है कि तौल के लिए रखे गए बांट भी कम पाए गए। नाराज कार्ड धारकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। किसी तरह से भाजपाइयों ने कार्ड धारकों को समझाते हुए शांत कराया। ग्रामीणों संग कार्यकर्ताओं ने मामले की शिकायत एसडीएम अखिलेश यादव से की। अखिलेश यादव ने मामले की जांच सप्लाई इंस्पेक्टर पीके सुधाकर को सौंपी है। उधर कोटेदार ने मामले को निराधार बताया है।