लाभार्थियों के खातों में भेजा सामूहिक विवाह अनुदान
बांकेगंज। ब्लॉक क्षेत्र में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गोला के पब्लिक इंटर कॉलेज (जूनियर विभाग) मैदान परिसर में पंजीकृत कन्याओं के संपन्न हुए विवाह की अनुदान धनराशि चेक लाभार्थियों के संबधित बैंक खातों में भेज दी गई है।
बीडीओ बांकेगंज जीपी गौतम और एडीओ (समाज कल्याण) सर्वजीत वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत विगत 27 अप्रैल गोला पब्लिक कॉलेज परिसर में ब्लॉक क्षेत्र की 38 कन्याओं ने पंजीकरण कराया था। इसमें श्यामपुर, महरताला, डाटपुर, केसरीपुर, भीखमपुर आदि गांवों की सीमा देवी, ममता, खुशबू, अर्चना, काजोल, सपना आदि कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ था। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह योजना के तहत हुए विवाहों में मुख्यमंत्री योजना के अंतर्गत दी जाने वाली अनुदान राशि की पहली किश्त 20 हजार रुपये लाभार्थियों के संबधित बैक खातों में भेज दी गई है। बताया कि दस हजार रुपये की दूसरी किश्त लाभार्थियों द्वारा शासनादेश के मुताबिक कपड़े, जेवर, बर्तन आदि खरीद बाउचर ब्लॉक मुख्यालय में जमा करने के बाद बकाया अनुदान राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
इंसेट
उपहार न मिलने से निराश हैं 17 कन्याएं
गोला में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में विवाह संपन्न कराने वाली ब्लॉक क्षेत्र की 17 कन्याओं को उपहार नहीं मिले थे। आयोजकों ने उपहार से वंचित रहीं सभी कन्याओं को भरोसा दिलाया था कि एक सप्ताह के अंदर संबधित पंचायतों के सचिव उनके घर उपहार लेकर जाएंगे। बावजूद इसके 17 दिन बीतने के बाद भी इन्हें अभी तक उपहार नहीं मिले। इससे निराश ब्लॉक बांकेगंज क्षेत्र में सामूहिक विवाह में शामिल हुईं। उधर, इस बाबत तहसीलदार गोला आशुतोष गुप्ता ने बताया कि बेटियां निराश न हो, उन्हें उपहार देने की प्रशासन तैयारियां कर रहा है। सामूहिक विवाह में उपहार मिलने से वंचित रही सभी कन्याओं को कार्यक्रम आयोजित कर जल्द ही उपहार उपलब्ध कराए जाएंगे।