चेक पर प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर सचिव ने निकाले रुपये
ग्राम पंचायत अधिकारी समेत दो के खिलाफ दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। नकहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत जमकोहना की प्रधान ने ग्राम पंचायत अधिकारी पर चेक पर उनके फर्जी हस्ताक्षर बनाकर सरकारी खाते से पांच हजार रुपये निकाले जाने का आरोप लगाया है। प्रधान ने एसपी को शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत अधिकारी समेत दो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने सीओ सिटी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत जमकोहना की प्रधान शफीला कई लोगों के साथ डीएम-एसपी से मिलीं और शिकायती पत्र दिया। एसपी को शिकायती पत्र देते हुए सफीला ने बताया 11 अप्रैल 2018 को ग्राम पंचायत के ग्राम पंचायत अधिकारी ने एक सफाई कर्मचारी की मदद से पांच हजार रुपये की चेक संख्या 14935 रहीस नाम के व्यक्ति के नाम से जारी की। चेक पर उसके (प्रधान) के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर ग्राम पंचायत के सरकारी खाते से पैसा निकाल लिया। उन्होंने आशंका जताई है कि इससे पहले भी आरोपियों ने कुछ अन्य चेक भी गबन करने के उद्देश्य से दुरुपयोग की हैं। पीड़ित प्रधान ने मामले की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। एसपी रामलाल ने बताया कि आरोप गंभीर हैं। मामले की जांच सीओ सिटी से कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।