बैंकों में चोरी करने वाला गिरोह खीरी में होने की आशंका
आईजी ने जताया अंदेशा, पुलिस अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। प्रदेश के कुछ जिलों के साथ ही लखीमपुर खीरी जिले में बैंक में स्ट्रांग रूम आदि काटकर चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई गई है। आईजी के आदेश के बाद एसपी ने सभी थानेदारों को अलर्ट रहने और बैंकों की रात में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं।
दो महीने पहले मोहम्मदी सहित जिले में विभिन्न स्थानों पर बैंक शाखाओं में नकब लगाकर चोरी करने की घटनाएं हो चुकी है। इसके अलावा एटीएम तोड़कर कैश चोरी करने के प्रयास की भी पिछले घटनाएं हुईं है। हालांकि पुलिस ने मोहम्मदी में गैस कटर से स्ट्रांग रूम काटने के प्रयास की घटना का खुलासा कर दिया था। इसके बाद से इन घटनाओं पर अंकुश लग गया था। इधर आईजी लखनऊ परिक्षेत्र सुजीत पांडेय ने प्रदेश के कई जिलों के साथ लखीमपुर खीरी जिले में भी स्ट्रांग रूम काटने वाले गैंग के सक्रिय होने का इनपुट खीरी पुलिस को देते हुए बैंकों की प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस पर खीरी पुलिस अलर्ट हो गई है। एसपी रामलाल वर्मा ने बताया कि आईजी के आदेश पर सभी थानेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने थाना क्षेत्रों में स्थित सभी बैंक शाखाओं का निरीक्षण कर लें। वहां लगे सीसीटीवी कैमरा, सायरन आदि सुरक्षा उपकरणों की जांच कर देख ले की वह चल रहे हैं या नहीं। जिन बैंक शाखाओं में रात में चौकीदार नहीं हैं। वहां पुलिस लगाकर निगरानी की जाए।