ममरी। रविवार सुबह मोहम्मदी-महेशपुर रेंज की देवीपुर बीट जंगल से सटे सुंदरपुर, अयोध्यापुर गांव के बीच खेतों में बाघ के देखे जाने से गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। मजदूरों ने बाघ की सूचना प्रधान रामविलास, बीडीसी रामकुमार वर्मा और वन कर्मियों को देकर गन्ने के खेत को घेर लिया।
बीडीसी रामकुमार वर्मा ने बताया कि रविवार सुबह सुंदरपुर गांव के वीरेंद्र वर्मा, अतुल वर्मा, सत्यपाल वर्मा के खेत में अयोध्यापुर के मजदूर गन्ना छील रहे थे। इसी बीच मजदूर शेरू की निगाह खेत में टहल रहे बाघ पर पड़ी और वह शोर मचाने लगा। शोर सुनकर मजदूरों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने गन्ने के खेत को चारों ओर से घेर लिया। रामकुमार वर्मा के अनुसार बाघ की सूचना वन कर्मियों को देने के घंटों बाद भी जब कोई वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा, तो भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार दोपहर रामपुर तकिया के पास सरकारी नलकूप के निकट गंगाराम के गन्ने के खेत में बाघ ने नीलगाय को निवाला बना डाला है। काफी देर बाद पहुंचे डिप्टी रेंजर कृष्ण कुमार, फॉरेस्ट गार्ड राजकुमार आदि वनकर्मियों ने बाघ के पगमार्क का निरीक्षण कर बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की। रेंजर एसएन यादव ने सतर्क रहने और खेतों में अकेले न जाने की सलाह दी। क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी और हो रही घटनों से दहशत का माहौल है।