मझगईं। चौकी पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने कस्बा नौगवां के प्रत्येक घर पर छापा मारा। छापे के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में सागौन, साखू और शीशम की लकड़ी बरामद की है। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल रहा।
मुखबिर की सूचना पर वन विभाग के रेंजर राधेश्याम ने पुलिस फोर्स के साथ नौगवां के एक घर पर छापा मारा। यहां उन्होंने बड़ी मात्रा में सागौन, साखू, शीशम की चीरान भरी लकड़ी बरामद की। मझगईं रेंजर राधेश्याम ने बताया कि छापेमारी के दौरान निघासन, पलिया व मझगई रेंजरों के साथ ही चौकी पुलिस भी मौजूद रही। लकड़ी मझगईं रेंज लाई गई है। यहां पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। लकड़ी माफिया के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, वन विभाग की इस कार्रवाई से नौगवां कस्बा में हड़कंप मचा रहा।