लखीमपुर खीरी। सीओ सिटी ने शहर के सभी बरात घर संचालकों के साथ शनिवार को सदर कोतवाली में बैठक की। उन्होंने बरात घरों की पार्किंग, अग्निशमन यंत्रों सहित अन्य जानकारियां ली। सीओ ने कहा कि हर्ष फायरिंग होती है या फिर बरात घर से बाइक आदि चोरी होती है तो इसकी जिम्मेदारी बरात घर संचालक की होगी।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बैठक शुरू हुई। सीओ सिटी विजय आनंद ने कहा कि जिन बरात घरों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। वहां अविलंब सीसीटीवी कैमरे लगवा लें। शहर के कई ऐसे बारात घर हैं, जिनके पास पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है। पार्किंग स्थल की व्यवस्था हरहाल में सुनिश्चित कर लें। प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह ने कहा कि इन दिनों बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। अधिकतर बाइकें बरात घरों के बाहर से ही चोरी हो रही हैं। इससे साफ है कि बरात घरों पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। बरात घर संचालक भी अपनी जिम्मेदारी को समझे और कम से कम दो सुरक्षा गार्ड रखें, जिनसे वाहनों की पार्किंग स्थल पर निगरानी कराएं, ताकि बाइक से बरात में आने वाले लोगों के साथ होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। अफसरों ने संचालकों को अन्य कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। बैठक में मनमोहन मौर्य, अजय सिंह, छन्ने सिंह, मनीश, अशोक कुमार, संजय कुमार सिंह, नरेंद्र प्रताप, अंशुमान अग्रवाल आदि मौजूद रहे।