निघासन। सामने से अचानक गाय को बचाने के चक्कर में लखीमपुर से लखनऊ मार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कार अनियंतित्र होकर दूसरी तरफ पहुंच गई। सामने से तीव्र गति से आ रहे ट्रक में गाड़ी जा टकरा गई, जिससे गाड़ी में सवार नैनापुर निवासी सपा नेता समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत खराब होने के कारण सभी को लखनऊ के केके हॉस्पिटल में भेजा गया है।
धौरहरा कोतवाली के नैनापुर निवासी सपा वरिष्ठ नेता धनीराम मौर्य रविवार को सिंगाही में आयोजित पार्टी की बैठक में शामिल होने के बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हुए। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उनकी कार रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी। अचानक सामने से गाय आ जाने के कारण चालक लोकराम मौर्य घबरा गया और उसे बचाने के चक्कर में आधी बनी सड़क की दूसरी तरफ गाड़ी चली गई, जिससे सामने से आ रहे एक ट्रक से जा टकराई। गाड़ी में सवार धनीराम मौर्य के बाएं पैर में, रघुनाथपुर निवासी धर्मेंद्र चौहान के दाहिने पैैर, देवीपुरवा निवासी अनिल के दाहिने हाथ, नैनापुर निवासी धनीराम के भतीजे सचिन के पेट की पसली, दाईं आंख में चोट आ गई। जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया, जहां निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहां पर सचिन की हालत नाजुक बताई जाती है। ब्यूरो