लखीमपुर खीरी। जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई और कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय आईटीआई आयोजित रोजगार मेले का शुभारंभ सीडीओ रवि रंजन ने किया।
इस रोजगार मेले में जेस्ट डील ग्लोबल प्रालि ने बजाज मोटर्स एवं पतंजलि फूड पार्क हरिद्वार के लिए युवाओं का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया। मेले में 800 से अधिक बेरोजगारों ने प्रतिभाग किया। इसमें 202 प्रतिभागियों का चयन इन कंपनियों के लिए किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि सीडीओ रवि रंजन ने कहा कि इस खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की उपस्थित यह सिद्ध करती है कि वह कार्य करने के इच्छुक हैं। बस उन्हें उचित प्लेटफार्म की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी केवल चयन न ले बल्कि कम्पनियों में ज्वाइन करें और अपने हुनर से आगे बढ़ें। यदि वह आगे बढ़ते हैं तो न केवल अपने परिवार एवं समाज के लिए रोल मॉडल होगे बल्कि जनपद एवं राज्य भी इससे लाभान्वित होंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी रत्नेश चंद्र ने बेरोजगार अभ्यर्थियों को सावधान करते हुए कहा कि वह बिना काम के रहकर अपना समय न गवाएं बल्कि कुछ करके आत्मनिर्भर बने। उन्होंने पूर्व में आयोजित रोजगार मेलों में चयनित अभ्यर्थियों के संबंध में अपने अनुभव भी मुख्य विकास अधिकारी के सामने रखे। इस मौके पर आईटीआई राजीव कुमार श्रीवास्तव, आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन और सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों ने अपना सहयोग प्रदान किया।