खेत में गन्ना छील रहे एक बुजुर्ग किसान पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। काफी देर तक घर न पहुंचने पर लोगों ने खेत पर उनका शव पड़ा पाया। ग्रामीणों को देखकर गन्ने में बैठा जंगली सुअर भाग गया।
गुरुवार सुबह अटकोनवा निवासी 58 वर्षीय कृषक खेमकरन अपने खेत में गांव के अन्य लोगों के साथ गन्ना छीलने गए थे। कुछ देर बाद साथी किसान अगोला लेकर घर आ गए, लेकिन खेमकरन थोड़ी देर बाद आने की बात कहकर गन्ना छीलते रहे। इसी दौरान जंगली सुअर ने हमला कर दिया और पैर में काट लिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद जब वह घर न लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। कुछ ग्रामीण खेत की तरफ गए तो वहां खेमकरन मृत अवस्था में पड़े थे, जबकि गन्ने के अंदर बैठा सुअर भाग निकला। सुअर के हमले की सूचना पर तमाम ग्रामीण मौके पर आ गए।
ग्रामीणों ने आसपास के खेतों में सुअर की तलाश भी की लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। एसआई लोकेश ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। डीएफओ समीर कुमार ने बताया कि जंगली सुअर के हमले में ग्रामीण की मौत की सूचना मिली है। मामले की जानकारी कराई जा रही है।