बोर्ड परीक्षा में यदि हुई गलती, तो भुगतने होंगे परिणाम
लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड की 10 एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा सात से शुरू होगी। परीक्षाएं नकलविहीन और शांतिपूर्वक संपन्न हो, इसके लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल ने सोमवार को केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा के दौरान कोई गलती होती है तो उसके परिणाम भुगतने ही होंगे।
जेडी सुरेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि प्री बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट छात्रों को दिखाएं और उन्हें खामियां भी बताए, जिससे छात्र बोर्ड परीक्षा में गलती न करें। उन्होंने कहा कि छात्रों को स्काउट, खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग कराएं, जिससे छात्र स्वस्थ रहकर समाज के प्रति जिम्मेदार बनें। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगाने का उद्देश्य परीक्षा की विश्वसनीयता बढ़ाना है। प्रश्नपत्र, एवं कॉपियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, सीसीटीवी और वॉयस रिकार्डर को संभाल कर रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में डायट प्राचार्य डॉ.ओपी गुप्ता, डीआईओएस डॉ. आरके जायसवाल,जीआईसी के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार आर्य, जीजीआईसी की डॉ.शालिनी दुबे, विद्या निकेतन इंटर कॉलेज गोला के महेंद्र त्रिपाठी, गुरुनानक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य इशविंदर सिंह सहित जिले भर के केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।