चलतुआ के खेतों में रात भर दहाड़ती रही बाघिन
दहशत में ग्रामीणों ने जागकर गुजारी रात
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज। किशनपुर सेंक्चुरी रेंज के चलतुआ गांव के पास पहुंची बाघिन की लोकेशन चौथे दिन भी नहीं मिल सकी है। मादा हथिनी डायना और टेरेसा के साथ वन कर्मियों ने गन्ने के आसपास खेतों में लोकेशन ट्रेस करने के लिए सघन कॉबिंग की, लेकिन बाघिन की लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाई। उधर ग्रामीणों के मुताबिक बाघिन रात भर खेतों में दहाड़ती रही। जिसके चलते उन्हें पूरी रात जागते गुजारी।
मालूम हो कि सोमवार की शाम जंगल से निकली बाघिन चलतुआ गांव के पास पहुंच गई। बाघिन के गांव के पास पहुंचने पर ग्रामीण दहशत में आ गए। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी तो वन विभाग ने कर्नाटक के बांदीपुर नेशनल पार्क से आई दो हथिनी के साथ खेतों की सघन कॉबिंग की। लेकिन न तो कहीं बाघिन दिखाई दी और न ही उसके पगचिह्न। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि बाघिन गांव के आसपास खेतों में ही मौजूद है। बृहस्पतिवार रात कई बार बाघिन के दहाड़ने की आवाज सुनाई दी, जिससे गांव के लोग दहशत में हैं और खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस समय बाघिन देखी गई वह लंगड़ा कर चल रही थी। जिससे लगता है कि बाघिन के पैर में चोट लगी होगी। संभव है कि बाघिन उसी दर्द से कराह रही होगी।
उधर दुधवा टाइगर रिजर्व उप-निदेशक महावीर कौजलगि का कहना है कि बाघिन की लोकेशन जानने के लिए लगातार कॉबिंग कराई जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। ऐसी संभावना है कि बाघिन जंगल के अंदर वापस चली गई है। चलतुआ गांव जंगल से सटा है। रात के समय बाघ-बाघिन की दहाड़ जंगल के बाहर तक सुनाई देती है। चार दिन से चल रही सघन कॉबिंग के दौरान गांव के पास और खेतों में कहीं भी बाघिन के पगचिह्न नहीं मिले है। अनुमान है कि बाघिन जंगल के अंदर दहाड़ रही होगी। उन्होंने बताया कि बाघिन की निगरानी अभी जारी रहेगी।