ट्रक के फंसने से हाइवे पर घंटों लगा जाम
18एलकेएच802 हाइवे पर फंसा ट्रक
जंगबहादुरगंज। मिट्टी व पत्थर डालकर बनाई गई हाइवे की ढाल में ट्रक धंसने से लगभग चार घंटे तक लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाइवे जाम से जूझता रहा। जाम की वजह से एम्बूलेंस, रोडवेज, छोटे वाहनों सहित ट्रक आदि रात भर रेंगते रहे। बरेली से सीतापुर के बीच बनाये गए नेशनल हाइवे बाईपास पूरी तरह से जर्जर होने के बाद एनएचएआई के अधिकारियों ने बाईपास पर यातायात बंद कराकर कस्बों से वाहनों का संचालन शुरू कराया, लेकिन कस्बे से होकर गुजरने वाले हाइवे को बाईपास की सड़क तक जोड़ने वाला हिस्सा नहीं बनवाया, जिस कारण लगभग रोजाना सड़क दुर्घटना भी हो रही है। इसे लेकर जब स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया तो मिट्टी व पत्थर डालकर महज खानापूर्ति कर दी। इससे कुछ दिनों में ही सड़क गढ्ढों में बदल गई। बुधवार की देर शाम उदयपुर के निकट मिट्टी के इस मार्ग में ट्रक फंसने से नेशनल हाइवे का यातायात ठप हो गया था। मार्ग बंद होने के कारण कई किलोमीटर लंबी जाम लग गई। स्थानीय पुलिस ने बमुश्किल यातायात शुरू करवाया। वहीं एनएचएआई के जिम्मेदारों ने उक्त ढाल को न बनवाकर जर्जर बाईपास यातायात के लिए फिर से खोल दिया। ऐसे में दुर्घटनाओं की संभावना और अधिक बढ़ गई है।