मान्यता के बाद भी स्कूल को थमा दिया अमान्य का नोटिस
विरोध के बाद बताया लिपिकीय त्रुटि, प्रमाण पत्र दिया
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। बेसिक शिक्षा विभाग ने जिन 48 स्कूलों को अमान्य घोषित किया, उनमें से एक स्कूल को मान्यता दे रखी है। इसके बाद भी अमान्य घोषित कर दिया। शहर के माधवपुरम मिदनियां गढ़ी स्थित माधव चिल्ड्रेन एकेडमी ने इस पर आपत्ति जताई तो खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी ने इसे लिपिकीय त्रुटि बताते हुए उन्हें इस बात का प्रमाण पत्र जारी किया है कि उनका विद्यालय सम्मानित है और मान्यता प्राप्त है।
खंड शिक्षा अधिकारी, नगर क्षेत्र ने शुक्रवार को 48 स्कूूलों को बिना मान्यता चलना बताते हुए अमान्य घोषित कर दिया था। साथ ही उन्होंने इन सभी स्कूल संचालकों को तीन दिन के भीतर विद्यालय बंद कर नामांकित विद्यार्थियों केे नजदीक के परिषदीय अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में पंजीकृत कराने को कहा था। मामले की खबर शनिवार को अखबारों को छपी तो स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया। शहर के मिदनियां गढ़ी स्थित माधव चिल्ड्रेन एकेडमी को बेसिक शिक्षा विभाग ने कई साल पहलेे ही मान्यता दे दी थी। इसके संचालक ने खंड शिक्षा अधिकारी को अपने मान्यता प्रमाण पत्र दिखाया, जिसमें उन्हें वर्ष 2014 में मान्यता दी गई थी। अभिलेख देखने के बाद बीईओ डॉ. त्रिपाठी ने खेद जताया और उन्हें एक प्रमाण पत्र जारी किया, जिसमें गैर मान्यता प्राप्त की सूची में लिपिकीय त्रुटि के कारण लिख जाना बताया। साथ ही शिक्षण संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उधर इस बाबत बीईओ डॉ. त्रिपाठी का कहना है कि एक स्कूल लिपिकीय त्रुटि के कारण अमान्य की सूची में चला गया है। अन्य 47 स्कूल अमान्य की श्रेणी में ही हैं।