लखीमपुर खीरी। भाजपा देश की जनता को विकास के नाम पर छल रही है। भाजपा का विकास मॉडल भी जनता की नजरों में खोखला साबित हुआ है। न तो देश और प्रदेश के किसानों का भला हो रहा है और न ही बेरोजगार नौजवानों को रोजगार मिल रहा है। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने धौरहरा विधानसभा क्षेत्र के महरिया गांव में अखिल भारतीय लोधी राजपूत महासभा की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि कही।
जितिन प्रसाद ने कहा कि किसान अपनी फसल को सही दामों में नहीं बेच पा रहा है। सरकारी खरीद केंद्रों पर बड़े पैमाने पर घपलेबाजी की जा रही है। दूसरी तरफ गन्ना किसानों को मिलों से सही समय पर पर्चियां नहीं मिल पा रही हैं। वहीं, मिलों के आसपास मौजूद दलाल आराम से अपनी पर्चियां बनवाकर किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे कम दामों पर गन्ना खरीदकर मिलों में सरकारी दरों पर बेच रहे हैं।
इससे पहले ग्राम महरिया पहुंचने पर अखिल भारतीय लोधी राजपूत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अनुज राजपूत और प्रदेश महामंत्री डॉ. मौजी लाल, लेखराज लोधी, कौशल किशोर लोधी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का स्वागत किया। सभा के बाद जितिन प्रसाद ग्राम वीर सिंहपुर में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश मिश्रा के आवास पर जाकर उनके पुत्र के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र बहादुर सिंह, पीसीसी सदस्य राजीव अग्निहोत्री, जमाल अहमद, के सिंह, दीपक बाजपेई, इरफान किदवई आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।