बघौचघाट। थाना क्षेत्र के मलसी चौराहे के पास बुधवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से सीएचसी पथरदेवा पहुंचाया गया, चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पकहां उत्तर टोला निवासी हरिकिशन कुशवाहा (30) पुत्र राम बड़ाई और गजही निवासी सुग्रीव एक बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के खदही गांव निवासी अमित मुसहर (22), अर्जुन मुसहर (22) और निखिल उर्फ शैलेश मुसहर (20) बघौचघाट की ओर जा रहे थे।
मलसी चौराहे के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पांचों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दो एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अर्जुन मुसहर को मृत घोषित कर दिया। हरिकिशन और सुग्रीव को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया, जबकि अमित और निखिल का उपचार सीएचसी में चल रहा है। एसओ अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।