पडरौना। रविंद्र नगर धूस थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोतिललहा गांव में पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाकर सोमवार को मंजेश कुमार मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे तक टावर से नीचे कूदने की धमकी देता रहा। पुलिस के समझाने के बाद युवक नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। एक दिन पहले युवक का पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया था। इससे युवक नाराज था।
गोपालपुर मोतिललहा गांव निवासी मंजेश कुमार के पड़ोसी से बाइक खड़ा करने के लिए दो दिन पूर्व विवाद हो गया। रविवार को मंजेश रविंद्र नगर धूस पुलिस को तहरीर दे कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया। मंजेश कुमार का आरोप है कि पड़ोसियों ने उसकी पिटाई की थी। इसकी उसने शिकायत की। पुलिस विपक्षियों के साथ उसका भी शांतिभंग में चालान कर दिया। इससे नाराज होकर सोमवार को सुबह करीब नौ बजे युवक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और पुलिस पर गलत कार्रवाई का आरोप लगाने लगा। चार घंटे तक मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे वह नीचे उतरा। पुलिस नेे युवक को समझाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
मंजेश ने मारपीट के मामले में पड़ोसियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया है। रविंद्र नगर धूस थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शांतिभंग में कार्रवाई से नाराज होकर युवक टावर पर चढ़ा था। उसे समझा बुझाकर नीचे उतरवाया गया। पड़ोसी से बाइक खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था। इसमें प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहा है।