फाजिलनगर । स्थानीय बाजार के सेंट्रल बैंक शाखा में बुधवार को अपने मां के साथ रुपया जमा कराने आए युवक से पटहेरवा पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की। युवक के प्रतिकार करने पर पुलिस कर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी। इससे नाराज लोगों ने बैंक के सामने ही कॉलेज रोड को जाम कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर कई थाने की फोर्स बुला ली गई। करीब दो घंटे बाद सीओ तमकुहीराज ने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
धनौजी खुर्द गांव निवासी 17 वर्षीय फैयाज खां अपनी मां अलिमुन नेशा के साथ सेंट्रल बैंक में 80 हजार रूपया जमा कराने आया था। युवक की मां लाइन मे लगकर रुपये जमा करने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान एसओ पटहेरवा बब्बन सिंह पुलिस कर्मियों के साथ बैंक व डाकघर के पास रूटीन जांच के लिए पहुंचे। कहा जा रहा है कि बैंक में खड़े फैयाज से पुलिस कर्मियों ने पूछताछ शुरू की। उसने मां के साथ आने की बात कही लेकिन उसकी बात सुनने की बजाय विवाद हो गया। महिला का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उसके लड़के की पिटाई कर दी। बीच बचाव के बावजूद भी पुलिस लड़के को पीटती रही।
घटना की जानकारी होने पर सपा के विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष विजय यादव, नंदलाल गुप्त विद्रोही, रईश अहमद, आफताब आदि लोग पहुंचे और बैंक के सामने महिला व उसके पुत्र के समर्थन में सड़क जाम कर धरना पर बैठ गए। भीड़ की नाराजगी व माहौल देखकर एसओ ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अफसरों को दी। इसके बाद सीओ तमकुहीराज आरके तिवारी तीन थानो के फोर्स के साथ पहुंचे और सड़क जाम कर धरना दे रहे लोगों समझाना शुरू किया। सीओ ने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देते हुए युवक की मां से तहरीर लेकर सड़क जाम समाप्त कराया।
इस संबंध एसओ बब्बन सिंह का कहना है कि वह बैकों की रूटीन जांच के लिए गए थे। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने युवक से बैंक में आने का कारण पूछा तो वह उलझ गया। उसकी मां भी पुलिसकर्मियों पर पिटाई का आरोप लगाते हुए उलझ गई।