कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में वाहनों की चोरी करने के आरोपी युवक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के दो ट्रैक्टर, दो बाइक, एक बोलेरो, एक ट्राॅली और एक रोटावेटर बरामद हुआ। आरोपी पर मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसको जेेेल भेज दिया गया।
रामकोला कस्बे में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस गश्त पर निकली थी। मंगलवार को एसएचओ अखिलेश सिंह नेबुआ नौरंगिया मार्ग पर मथुरा नगर में वाहनों की जांच कर रहे थे। तभी पुलिस ने बाइक सवार एक युवक को रोककर छानबीन की। युवक अपनी बाइक का कोई पेपर नहीं दिखा सका।
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि बाइक चोरी की है। युवक की पहचान नेबुआ नौरंगिया के बलुआ निवासी आकाश तिवारी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके साथ सख्ती की तो वाहन चोरी की पांच घटनाओं का पर्दाफाश हुआ।
उसने अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखे हुए दो ट्रैक्टर, दो बाइक, एक बोलेरो, एक ट्राॅली और एक रोटावेटर को बरामद कराया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अकेले ही चोरी करता है। उसने रामकोला चीनी मिल के यार्ड से दिन दहाड़े ट्रैक्टर चुरा लिया था। उसके खिलाफ गोरखपुर के शाहपुर, पडरौना कोतवाली, बिहार के बगहा में वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
वाहन चोरी के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया है। वह शातिर किस्म का वाहन चोर है। अकेले ही ट्रैक्टर, बोलेरो इत्यादि वाहनों को चुराकर बेच देता है। उससे जुड़े अन्य लोगों की छानबीन की जा रही है।
- संदीप वर्मा, सीओ, खड्डा।