पटहेरवा। पुलिस ने शनिवार की शाम बड़े भाई के पेट में चाकू घोंपने वाले छोटे भाई पर हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से न्यायिक अभिरक्षा जेल भेज दिया। वहीं घायल का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
थाना क्षेत्र के करजहां गांव निवासी स्व. बंधु गोंड के बेटे रामप्रवेश गोंड व रमेश गोंड में जमीन बंटवारे को लेकर कहासुनी शनिवार की देर शाम को हुई। छोटे भाई रमेश गोंड ने बड़े भाई रामप्रवेश गोंड के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। लोगों ने सीएचसी फाजिलनगर इलाज के लिए पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
अभी उसकी स्थिति नाजुक है और उसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। बताया जाता है इनके पिता की तीन माह पूर्व मौत हो गई थी। भूमि बंटवारे सहित अन्य बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी के दौरान यह घटना हुई। मामले में पीड़ित रामप्रवेश गोंड की पत्नी अनीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने रविवार की दोपहर आरोपी रमेश गोंड के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।