चाकू के हमले से घायल बबिता।स्रोत-सोशल मीडिया
जौरा बाजार। चौरा खास थाना क्षेत्र के रहसू जनोबी पट्टी गांव में बकरी चराने के विवाद में युवती ने चचेरी बहन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
रहसू जनोबी पट्टी के दूबे पट्टी की बबिता (24) पुत्री मस्तराज चौहान रविवार शाम करीब तीन बजे अपने घर के पास बकरी चरा रही थी। इसी दौरान उसके चाचा की बेटी वहां पहुंच गई और खेत में बकरी चराने को लेकर विवाद करने लगी। बबिता ने नुकसान से इन्कार किया तो कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान 19 वर्षीय चचेरी बहन ने चाकू निकालकर बबिता की गर्दन, पीठ और पेट में ताबड़तोड़ वार कर दिया। बबिता लहूलुहान होकर गिर पड़ी। उसके शरीर पर पांच स्थानों पर चाकू के गहरे घाव पाए गए हैं। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इस दौरान शांति देवी पत्नी नंदकुमार को भी हल्की चोटें आईं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बंटवारे के बाद से ही रंजिश चल रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष दिनेश साहनी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिली है। प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।