बाईपास के निर्माण कार्य में जुटे मजदूर। संवाद
पडरौना। शहर के लोगों को अब जाम से निजात मिलने वाली है। बेलवा चुंगी से अंबे चौक तक बहुप्रतीक्षित बाईपास का निर्माण कार्य जोरों पर है। सड़क के दोनों किनारे आरसीसी नाला निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सड़क भी आरसीसी बनाई जा रही है। काम पूरा होने के बाद इस सड़क से लोगों का आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। इससे शहर में आने वाले लोगों को जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। दीपावली के आसपास इस सड़क से लोग फर्राटा भरने लगेंगे।
शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए कठकुइयां मोड़ से आगे भूतनाथ कॉलोनी से एक बाईपास निकाला गया है। यह नोनिया पट्टी रेलवे क्राॅसिंग के आगे से बेलवा चुंगी चौराहे पर पहुंचती है और वहां से अंबे चौक पर जाकर यह सड़क खिरकिया मार्ग में मिल जाती है। इस रास्ते लोग बिना शहर में गए खिरकिया बाजार, जटहां बाजार और बिहार के बगहां, बेतियां आदि बड़े शहरों के लिए निकल जाते हैं। शहर के भूतनाथ कॉलोनी से लेकर नोनियापट्टी रेलवे क्राॅसिंग और उसके आगे तक सड़क क्षतिग्रस्त है। जबकि स्टेशन रोड से बेलवा चुंगी जाने वाली सड़क की हालत मौजूदा समय में ठीक है। शहर के बेलवा चुंगी से अंबे चौक तक बाईपास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। इसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों की परेशानियों को देखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने सड़क निर्माण कराने से संबंधित प्रस्ताव को बोर्ड की बैठक में शामिल किया, जिसे सभी सदस्यों की सहमति के बाद पारित कर दिया था। इन दिनों बेलवा चुंगी से लेकर अंबे चौक तक नाला का निर्माण कार्य पूरा कर आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सड़क के दोनों किनारे आरसीसी नाला का निर्माण कार्य करीब-करीब पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही बेलवा चुंगी से अंबे चौक तक आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य को 20 से 25 दिनों में पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद सड़क को मजबूत करने के लिए तराई कराई जाएगी। सबकुछ ठीक रहा तो दीपावली के आसमापस इस सड़क से आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। फिर लोग छोटे बड़े वाहनों से फर्राटा भर सकेंगे।