जिले में दस स्थानों पर लगेगा योग शिविर, ऑनलाइन जुड़कर भी कर सकेंगे योगाभ्यास
- भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति सहित चार संगठन आयोजित करेंगे शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। भारत स्वाभिमान ‘न्यास’ और इसके अनुषांगिक संगठनों की तरफ से जनपद में दस स्थानों पर ऑफलाइन योग शिविर का आयोजन किया गया जाएगा। इसके अलावा पांच स्थानों से ऑनलाइन योग शिविर आयोजित होंगे। वहां से जारी लिंक के जरिए लोग घर बैठे योगाभ्यास कर सकेंगे।
सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत स्वाभिमान ‘न्यास’, पतंजलि योग समिति, युवा भारत और पतंजलि योग महिला संगठन की तरफ से जनपद में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह योग शिविर प्रात: सात से आठ बजे तक चलेगा।
भारत स्वाभिमान ‘न्यास’ के जिला प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि ऑफलाइन शिविरों का आयोजन नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के पकड़ियार बाजार, सेवरही क्षेत्र के दुमही, सेवरही के जायसवाल धर्मशाला, दवनहां स्थित इंटर कॉलेज, सरस्वती इंटर कॉलेज रगड़गंज, खड्डा क्षेत्र के गुरुकुल एकेडमी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पकड़ी बावन, लक्ष्मी इंटर कॉलेज तुर्कडीहा, हाटा तहसील परिसर और पडरौना शहर के उदित नारायण इंटर कॉलेज में होगा।
ऑफलाइन शिविरों में सुभाष सिंह, रामक्यास सिंह, गुरुशरण, धर्मेंद्र, संजय जायसवाल और अरुण मिश्र सहित अन्य लोग योगाभ्यास कराएंगे, जबकि ऑनलाइन योगाभ्यास योगाचार्य शिवम कृष्ण, संचित सिंह और अभय रंजन मिश्र की तरफ से कराया जाएगा। बारिश न हुई तो योगाभ्यास निर्धारित स्थानों पर खुले आसमान तले होगा और यदि बारिश हुई तो वहां के भवनों में कराया जाएगा। इसके अलावा संगठन के सदस्यों की तरफ से बनाए गए विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों से जुड़े लोग भी ऑनलाइन योगाभ्यास में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी और बारिश की वजह से योग शिविरों की संख्या कम है।