बांध काटे जाने से पुलिस और ग्रामीणों में झड़प
- फोटो : amar ujala
सिंचाई विभाग के अफसरों की मनमानी के चलते कई साल से बरसात में बाढ़ की विभिषिका झेल रहे खड्डा तहसील क्षेत्र के अहिरौली ग्राम सभा के रंजीता टोला के ग्रामीणों ने शनिवार को माघी भगवानपुर गांव के समीप पहुंचकर नौतार बांध को फावड़े से काट दिया। इस रास्ते तेजी से पानी निकलने लगा। इसकी जानकारी होने पर नौतार जंगल के ग्रामीण भी पहुंच गए और बांध काटने का विरोध करने लगे। हनुमानगंज पुलिस भी पहुंची और बांध काटने वालों पर कार्रवाई की बात कही जिससे ग्रामीण भड़क गए और तनाव जैसा माहौल बन गया। बाद में विधायक, एसडीएम व सीओ ने पहुंचकर मामले को संभाला। बांध के कटे हिस्से को अभी बांधा नहीं गया है।
नौतार बांध का साइफन खराब होने के चलते अहिरौली व भगवानपुर समेत कई गांवों में बरसात में पानी भर जाता है। उनके खेतों का पानी गंडक नदी की तरफ नहीं जा पाता है। बारिश व गंडक नदी के बढ़े जलस्तर के चलते अहिरौली समेत कई गांवों में पानी भरा हुआ है। परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को माघी भगवानपुर के सामने नौतार बांध को काट दिया। इस रास्ते तेजी से पानी निकलने लगा।
इसकी जानकारी नौतार गांव के लोगों को हुई तो वे लोग भी बांध के कटे हिस्से पर पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। खबर पाकर हनुमानगंज पुलिस भी पहुंची। हनुमानगंज एसओ पंकज गुप्ता ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। तहसीलदार खड्डा संजीव राय व सीओ खड्डा शिवाजी सिंह खड्डा व नेबुआ नौरंगिया थाने की फोर्स लेकर पहुंचे। लेकिन स्थिति गंभीर होती जा रही थी। तब तक खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी व एसडीएम अरविंद कुमार भी पहुंच गए। विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता के.के. राय से टेलीफोन पर वार्ता की।
विधायक ने बताया कि अधीक्षण अभियंता ने यह आश्वासन दिया है कि बरसात बाद अक्तूबर में नाले की सफाई की जाएगी। साइफन पर फाटक लगाने के लिए टेंडर भी जारी हो चुका है। एक्सईएन व एसडीओ को तत्काल प्रभाव से गांव से पानी निकालने के लिए साइफन की सफाई और अन्य वैकल्पिक उपाय करने का निर्देश दिया गया है। विधायक व एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण मानकर वापस लौट गए। बाढ़ खंड के एसडीओ राजेन्द्र पासवान ने तटबंध काटने के मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हनुमानगंज थाने में तहरीर दी है। तटबंध के कटे हिस्से से नाले का पानी तेजी से निकल रहा है।