कसया । तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित घाघी नदी पुल के समीप कार की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों के इलाज के लिए सीएचसी कसया भेजवाया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार की दोपहर में पटहेरवा थाना क्षेत्र के सठियांव गांव निवासी फिरोज (25) अपनी बहन शाहजहां खातून (30) का इलाज कराने के लिए कसया के एक निजी अस्पताल में बाइक से लेकर आ रहा था। अभी वह घाघी पुल के समीप ही पहुंचा था कि जोकवा की तरफ से कसया की ओर आ रही कार ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठी शाहजहां खातुन को गंभीर चोट लगी, जबकि बाइक चला रहे फिरोज को हल्की चोट आई। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। आसपास के लोगों ने घायल भाई-बहन को कसया सीएचसी भेजा। यहां डॉक्टरों ने शाहजहां खातुन को मृत घोषित कर दिया। फिरोज का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। घटना के कार सवार तेजी से भाग निकले।
इस संबंध में एसओ कसया विनय पाठक ने बताया कि मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य कार्रवाई तुर्कपट्टी पुलिस करेगी।