तीसरे दिन एक्सईएन कार्यालय में ताला बंद कर प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। तकरीबन 12 महीने का मानदेय नहीं मिलने से परेशान बिजली विभाग के संविदाकर्मियों ने तीसरे दिन एक्सईएन कार्यालय में ताला बंद कर प्रदर्शन किया। उसके बाद मंदिर में जाकर धरने पर बैठ गए। विद्युत संविदा मजदूर संगठन और विद्युत मजदूर संगठन के पदाधिकारियों की संयुक्त अगुवाई में संविदाकर्मी बृहस्पतिवार से ही हाइडिल में धरना दे रहे हैं।
हाइडिल के मंदिर में अधिकारियों के कक्ष के सामने ही दो दिन धरना देने के बावजूद अधिकारियों की तरफ से कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाने पर शनिवार को धरनारत लोग नाराज हो गए। इन लोगों ने एक्सईएन तथा विभाग के अन्य अधिकारियों के विरुद्ध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उसके बाद एक्सईएन कार्यालय के बाहर ताला बंद कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद धरनारत लोगों ने कार्यालय खोल दिया और पुन: धरनास्थल पर जाकर बैठ गए। इस धरना में विद्युत मजदूर संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्र, अवधेश लाल श्रीवास्तव, संतोष मिश्र, संग्राम सिंह, बाबूलाल, सत्येंद्र, राकेश श्रीवास्तव, अनिल, अनिल पाल, सुरेंद्र प्रसाद आदि शामिल थे।