पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के खैरटिया शितलापुर स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्रीय पहलवानों के अलावा प्रदेश के विभिन्न स्थानों से पहुंचे पहलवानों ने भी जोर आजमाइश की। प्रतियोगिता में करीब 20 जोड़ी पहलवानों ने दांव-पेंच आजमाकर अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती देश की पारंपरिक खेल विधाओं में शामिल है। खेलों से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। कार्यक्रम का संचालन दिनेश शर्मा ने किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सर्वजित गुप्ता, ग्राम प्रधान शंभू गुप्ता, नितेश चौधरी, छोटे अंसारी, जाकिर हुसैन, सुंदरम शाही, सुशील गुप्ता, प्रद्युम्न तिवारी आदि मौजूद रहे।