पडरौना। बुधवार को पूर्वांचल विकास सेवा समिति एवं महिला मोर्चा की तरफ से एसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। आंदोलन कर रही महिलाएं जिले के कई गांवों व ईंट भट्ठों पर बन व बिक रही कच्ची शराब पर रोक लगाने की मांग कर रही थीं। महिलाओं ने एएसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
सुबह 10 बजे ही संगठन से जुड़ी महिलाएं जिला मुख्यालय पर एकत्रित हो गई थीं। एसपी कार्यालय के सामने जुटी महिलाओं ने शराब हटाओ-देश बचाओ का नारा देते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं को संबोधित करते हुए संगठन की जिलाध्यक्ष शीला चौधरी ने कहा कि जिले के कप्तानगंज, रामकोला, हाटा, अहिरौली बाजार, नेबुआ नौरंगिया आदि क्षेत्रों के ईंट भट्ठों पर भारी मात्रा में अवैध शराब बनाई व बेची जा रही है। कप्तानगंज, अहिरौली व हाटा क्षेत्र के कई गांवों में कच्ची शराब का धंधा कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है। संगठन की तरफ से कई बार अभियान चलाकर भट्ठियां तोड़ी गई हैं। परंतु कुछ दिन बाद फिर यह कारोबार शुरू हो जाता है। आंदोलन कर रही महिलाओं ने पुलिस कर्मियों पर इस धंधे को शह देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कच्ची शराब के आदी हो चुके गरीब तबके के लोग अपनी दिन भर की कमाई वहां लुटा रहे हैं। नशे की हालत में घर पहुंचने पर वे लोग बच्चों व महिलाओं के साथ मारपीट करते हैं। इससे भोजन, दवाई व पढ़ाई की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। कच्ची शराब के चलते महिलाओं को शारीरिक व मानसिक यंत्रणा झेलनी पड़ रही है।
धरना स्थल पर पहुंचे एएसपी लाल साहब यादव को ज्ञापन सौंपते हुए महिला कार्यकर्ताओं ने इस अवैध धंधे पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि कच्ची शराब की दुकानें यदि बंद नहीं हुईं तो अगली बार महिलाएं दुकानों पर धावा बोलेंगी। इस दौरान प्रभावती, इसरावती, कमलावती, गोदामा, सुभागी, यशोदा, मोहरा, द्रोपदी, राका, राधे साहनी, लालजी, रेशमी, सुमित्रा, सरिता सहित तमाम महिलाएं व अन्य लोग भी मौजूद थे।