मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के माघी कोठिलवा गांव के ध्रुव सिंह टोले पर बुधवार की सुबह एक 24 वर्षीय विवाहिता का शव मकान के ऊपर बने कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद से विवाहिता के पति, सास और ननद फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटनास्थल का सीओ सदर अजय सिंह ने भी निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटाए। महिला की शादी तीन मार्च वर्ष 2024 को हुई थी। माघी कोठिलवा निवासी प्रमोद साहनी की पत्नी प्रमिला का मंगलवार की शाम किसी बात को लेकर पति से विवाद हुआ था। इसके बाद प्रमिला मकान के ऊपर बने कमरे में सोने चली गई। बुधवार सुबह काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आई तो परिजन कमरे में पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था।
खिड़की से झांककर देखने पर प्रमिला कुंडी के सहारे लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आई और शव को अपने कब्जे में ले लिया। सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। इस दौरान सीओ सदर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी लिया। महिला का मायका रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही गांव के निर्भया टोले पर है। मौके पर पहुंचे प्रमिला के पिता रामदुलारे साहनी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पति प्रमोद साहनी और घरवाले दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करते थे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मंगलवार रात को गला दबाकर प्रमिला की हत्या की गई। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए।
नौ माह की बेटी के सिर से उठा मां का साया
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रमिला की नौ माह की एक मासूम बेटी पीहू है, जो अब मां के साए से वंचित हो गई है। एक ओर जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही प्रमिला को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और कई बार समझौते का प्रयास भी किया गया था। करीब छह महीने पहले विवाद के बाद वह अपने मायके चली गई थी। दोनों पक्षों और पंचायत के बाद दोबारा ससुराल लौटी थी। घटना के दिन मंगलवार की रात को महिला अपने पिता से मोबाइल पर बात की थी, उस समय कोई विवाद की भी जानकारी उसने नहीं दिया था। घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होना और पति-ससुर का मौके से फरार होना, मामले को और भी संदिग्ध बना रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसओ आलोक यादव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का सही पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।