सुगिया देवी की घटना स्थल पर ग्रामीणों वार्ता करते खड्डा नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार व जुटी भीड़।
छितौनी/खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बोधीछपरा गांव की 61 वर्षीय सुगिया देवी की मौत के बाद घर वालों ने कोटवा के एक निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही व किडनी निकालने का आरोप लगाया है। बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद बुधवार दोपहर महिला की मौत हो गई। घर वालों ने हनुमानगंज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस पर टाल-मटोल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने बृहस्पतिवार सुबह शव रखकर सड़क जाम कर दी। जानकारी होने पर नायब तहसीलदार और प्रभारी थानाध्यक्ष पहुंचे। शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड पर मुफ्त इलाज का झांसा देकर गांव के ही एक दलाल ने कोटवा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ऑपरेशन के नाम पर पैसे वसूले गए और बाद में हालत बिगड़ने पर गोरखपुर के अस्पतालों में रेफर किया गया। यहां भी रकम वसूली गई। बाद में मरणासन्न हाल में घर पहुंचा दिया गया। बुधवार को महिला की मौत हो गई। महिला की पुत्री ने पुलिस को तहरीर देकर गंभीर निजी अस्पताल पर आरोप लगाया।
बृहस्पतिवार सुबह नया आरोप लगाते हुए परिजनों ने कहा कि इलाज के दौरान ही सुगिया की दोनों किडनी निकाल ली गई। उसके कारण उनकी मौत हुई। सड़क जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन व ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में खड्डा के नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा और थाना प्रभारी हनुमानगंज संतोष कुमार यादव पुलिस बल के साथ आए। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। आश्वासन पर परिजन मान गए और जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि सभी तथ्यों की पारदर्शी जांच हो सके। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।