पडरौना। महिला ने एक निजी अस्पताल में तीन बेटियों को जन्म दिया है। डॉक्टर की सलाह पर तीनों को मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में भर्ती किया गया है। तीनों स्वस्थ बताई जा रही हैं। ऑपरेशन के कारण महिला को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसकी भी तबीयत में सुधार है।
पडरौना क्षेत्र के जंगल खिरकिया गांव निवासी आरिफ मंसूर की पत्नी मोरियम खातून गर्भवती थी और अपने मायके हरपुर में गई थी। मंगलवार की रात उसे प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन निजी अस्पताल में ले गए। बुधवार को ऑपरेशन से तीन बेटियां हुईं। कमजोर होने के कारण तीनों नवजात को डॉक्टर ने एसएनसीयू में भर्ती कराने को कहा। परिजन तीनों नवजात को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, डॉक्टरों के चेकअप के बाद नवजातों को भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और स्वस्थ्य बताए जा रहे हैं। सीएमएस व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एचएस राय ने बताया कि तीनों नवजात स्वस्थ हैं। कमजोर होने के कारण एसएनसीयू में रखा गया है।