फॉलोअप : विवाहिता ने मंगलवार को गले में फंदा लगाकर की थी आत्महत्या
घूरछपरा गांव के पतिलार टोला की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के घूरछपरा गांव के पतिलार टोला में मंगलवार को 28 वर्षीया महिला के फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में बुधवार की शाम तक मायके पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। हालांकि, पति से पूछताछ हो रही है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव गांव पहुंचा। उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अभी तक घटना की असली वजह तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी थाने तक नहीं पहुंची थी।
पतिलार गांव के कमलेश और उसकी पत्नी इंदु के बीच खाना बनाने को लेकर बीते शनिवार को विवाद हो गया था। इस बात को लेकर इंदु के पिता बृजेश ने थाने में तहरीर देकर बेटी के साथ मारपीट करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
इस मामले की जांच के लिए मंगलवार को थाने के सिपाही आए और दोनों पक्षों से बयान दर्ज किए। दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई और और बात बन गई। उसके बाद समझौता भी हो गया। दोनों पक्ष जब घर गए तो इंदु अपने कमरे में गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
इस मामले में बुधवार की शाम तक मायके पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया, जिसका गांव के बाहर अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका के ससुर सूर्यबल्ली ने चिता को मुखाग्नि दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट शाम तक थाने नहीं पहुंची थी।
इस संबंध में एसओ राजकुमार बरवार ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में हैं। कुछ लोग मृतका के मायके पक्ष की ओर से थाने आए थे। तहरीर देने का मामला अभी तक संज्ञान में नहीं आया है।