जूनियर हाईस्कूल परिसर आयोजित सपा के युवा सम्मेलन में मौजूद राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
विधान सभा चुनाव के लिए लागू की गई चुनाव आचार संहिता के दौरान हाटा में बगैर अनुमति के समाजवादी पार्टी की ओर से युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रशासन को जब आयोजन की जानकारी हुई तो अधिकारियों ने आयोजकों से कार्यक्रम रोकने के लिए कहा, लेकिन उसके बाद भी करीब दो घंटे तक कार्यक्रम चला। एसडीएम ने आयोजक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कृषि एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
रविवार को सुबह 11 बजे से कस्बे के जूनियर हाई स्कूल परिसर में समाजवादी पार्टी की ओर से युवा सम्मेलन शुरू हुआ। कार्यक्रम स्थल से सटे स्थित श्रीगांधी स्मारक इंटर कॉलेज के नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा चल रही थी। परीक्षा की जानकरी होने पर आयोजकों ने कुछ देर के लिए स्वत: कार्यक्रम बंद कर दिया। परीक्षा खत्म होने के बाद जब पुन: कार्यक्रम शुरू हुआ तो प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए इसे रोकने को कहा। आयोजकों ने अनुमति लेने का प्रयास शुरू किया तब तक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कृषि और चिकित्सा शिक्षा मंत्री राधेश्याम सिंह वहां पहुंच गए। इसके बाद बगैर अनुमति लिए ही यह कार्यक्रम करीब दो घंटे तक चलता रहा। वहां पहुंचे उड़न दस्ते ने पूरे कार्यक्रम की विडियो ग्राफी कराकर अपनी रिपार्ट एसडीएम को सौंपी।
इस संबंध में एसडीएम अजय नरायण सिंह बताया कि कार्यक्रम के आयोजक युवजन सभा के जिलाध्यक्ष परवेज आलम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में आचार संहिता के अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।