थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धर्मसमधा में एचटी लाइन का तार टूटकर गिरने से गन्ने के खेत में आग लग गई। आगलगी में कई किसानों की खेत में खड़ी गन्ने की फसल जल कर बर्बाद हो गई। लोगों ने 100 नंबर डॉयल किया लेकिन मदद नहीं मिली तो रामकोला पुलिस को सूचना दी गई। पडरौना से दमकल की गाड़ी पहुंची, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
बृहस्पतिवार की दोपहर में रामकोला थाने के ग्राम पंचयत धर्मसमधा के दक्षिण तरफ से जा रही एचटी लाइन का तार टूटकर गन्ने के खेत में गिर गया। शार्ट सर्किट की वजह से गन्ने की फसल में आग लग गई। इस घटना में भग्गन, शमीम, नसीम, सिंहासन, द्रोपदी, विंद्रवती, नगीना, शंकर, कशी, बनारसी एवं अनीता की गन्ने की फसल जलकर बर्बाद हो गई। मौके पर एसडीएम कप्तानगंज अरुण कुमार, प्रभारी कानूनगो शिवमुरारी लाल, एसआई महेंद्र चतुर्वेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष महेंद्र गौड़ आदि पहुंचे थे।