खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बोधीछपरा गांव के रहने वाले व्यक्ति की पहली पत्नी और बच्चों से जमीन को लेकर रजिस्ट्री कार्यालय में विवाद हो गया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो का संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बोधीछपरा गांव निवासी हरिशंकर निषाद करीब 25 वर्ष पहले अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़कर गांव की एक महिला को लेकर कहीं चला गया। पति के जाने के बाद पत्नी बच्चों के साथ जीवन यापन करने लगी। बच्चों के बड़े होने पर महिला ने उनकी शादी कर दी। करीब दो वर्ष पहले हरिशंकर दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ गांव पहुंचा। पैतृक संपत्ति होने के नाते सारी जमीन हरिशंकर के नाम से है। उसने इलाज कराने के नाम पर कुछ जमीनें बेच दी। पैतृक जमीन को उसने दूसरी पत्नी के पुत्र के नाम कर दिया। इसे देख पहली पत्नी के बेटे कन्हैया ने जनवरी 2025 में खड्डा एसडीएम समेत अन्य उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर पैतृक संपत्ति को विक्रय करने से रोकने का अनुरोध किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। कुछ जमीन बची थी उसे भी बेचने के लिए हरिशंकर शनिवार को रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा था। इसकी जानकारी होने पर हरिशंकर की पहली पत्नी और बेटा कन्हैया वहां पहुंचे और रजिस्ट्री न करने की गुहार लगाने लगे। इसको लेकर उनके बीच रजिस्ट्री कार्यालय में ही मारपीट होने लगी। इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस संबंध में एसडीएम खड्डा रामवीर सिंह ने बताया कि जिसके नाम जमीन है उसे बेचने से कौन रोक पाएगा। मामले की जानकारी करने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा।