सलेमगढ़। तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ मियां टोला निवासी 20 वर्षीय सैफ अली की ट्रेन से सूरत जाते समय शनिवार रात फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट आने से मौत हो गई। उसका शव रविवार देर रात घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ मियां टोला निवासी अख्तर अली मंसूरी के तीन पुत्रों में सबसे छोटा बेटा सैफ अली (20) था। वह शनिवार को अपने बहन सितारा खातून के साथ अवध एक्सप्रेस ट्रेन से सूरत जाने के लिए गोरखपुर से निकला था। ट्रेन फतेहपुर सीकरी स्टेशन पर रुकी तो सैफ अली प्लेटफाॅर्म के विपरीत दिशा में ट्रेन से उतर कर खाली रेल लाइन पर खड़ा होकर मोबाइल से बात कर रहा। इसी दौरान अन्य ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। वहीं घटना से अनभिज्ञ उसकी बहन ट्रेन अपने सीट पर बैठी भाई का इंतजार करती रही और आगे बढ़ गई। सैफ अली आदतन ट्रेन रुकने के बाद उतरकर इधर-उधर घूम कर आ जाता था, लेकिन इस बार नीचे उतरने के बाद नहीं आया। अगले स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही चिंतित बहन ने फोन मिलाया तो जीआरपी पुलिस ने उठाया और पूरा मामला बताया तब उसे और परिजनों को हादसे की जानकारी हुई।
जानकारी के बाद मौके पर पहुंची सितारा शव देखते पहचान गईं और रोने-बिलखने लगी। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव घर भेजवाया। जब बहन अपने भाई का शव लेकर घर पहुंची तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में माता-पिता घर रहकर खेती करते हैं। दो बड़े भाई सूरत में व्यवसाय करते हैं। दोनों बहनें शादीशुदा सूरत में ही रहती हैं। सैफ सूरत में ही पढ़ाई पूरी कर भाइयों के साथ रहता था।