तमकुहीराज। तहसील क्षेत्र के मठिया श्रीराम गांव के लोगों ने सोमवार को तहसील में कोटेदार के खिलाफ धरना दिया। एसडीएम कार्यालय के सामने धरना दे रहे इन लोगों की मांग थी कि कोटेदार पर कार्रवाई की जाए। मौके पर पहुंचकर तहसीलदार एवं पूर्ति निरीक्षक ने आश्वासन दिया और धरना समाप्त कराया।
सेवरही ब्लॉक के मठिया श्रीराम गांव के ज्यादातर लोग तमकुहीराज तहसील पहुंचे। इनकी अगुवाई प्रिंस तिवारी कर रहे थे। इन लोगों ने एसडीएम कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया। गांववालों का कहना था कि गांव की कोटे की दुकान निलंबित कर दी गई है। उसे जवहीं हरबल्लभ गांव की कोटे की दुकान से संबद्ध कर दिया गया है। गांववालों का आरोप था कि कोटेदार की ओर से मार्च एवं अप्रैल का राशन वितरित नहीं किया गया है।
इसी तरह मिड-डे मील का राशन भी हड़प लिया है। गांववाले जवहीं हरबल्लभ के कोटेदार के यहां मठिया श्रीराम के कोटे को संबद्ध किए जाने पर एतराज जता रहे थे। उनका कहना था कि जवहीं हरबल्लभ गांव की दूरी 10 किलोमीटर है। राशन वितरण में अनियमितता बरतने वाले कोटेदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए गांववालों ने नारेबाजी की। कुछ लोग आत्मदाह की चेतावनी भी दे रहे थे।
शाम साढे़ तीन बजे पूर्व विधायक डॉ. पीके राय, मोहम्मद आलम, अरविंद सिंह पटेल, अवधेश राय, राकेश यादव आदि ने भी वहां पहुंचकर धरने को समर्थन दिया। यह सुनकर तहसीलदार रामसुधार और पूर्ति निरीक्षक विजय राय धरनास्थल पर पहुंचकर धरना समाप्त कराया।
इस दौरान मुकेश तिवारी, सायरा, वेदप्रकाश तिवारी, तपेसर तिवारी, साजन मिश्र, मनोज, रामआधार, अजित यादव, पिंटू तिवारी, कृपाशंकर पांडेय, रवींद्र प्रसाद, बृजेश तिवारी, सुजीत कुमार, लालमुनी देवी, माला, फ ातमा खातून सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।