पडरौना। डीएम ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका और नगर पंचायतों में साप्ताहिक बंदी घोषित की है। पडरौना समेत सेवरही और लक्ष्मीगंज में रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। घोषित साप्ताहिक बंदी के दिन नाई, हेयरड्रेसर, कटिंग, सैलून की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद रहेंगी।
डीएम उमेश मिश्रा ने बताया कि नगर पालिका परिषद पडरौना, नगर पंचायत सेवरही और लक्ष्मीगंज में रविवार को साप्ताहिक बंदी घोषित की गई हैं। इस दिन यहां स्थित समस्त दुकान एवं वाणिज्य अधिष्ठान (नाई, हेयरड्रेसर, कटिंग, सैलून की दुकानों को छोड़कर) बंद रहेंगी। इसी तरह बुधवार को नगर पालिका परिषद कुशीनगर, नगर पालिका परिषद हाटा, नगर पंचायत तमकुहीराज, रामकोला, खड्डा, सुकरौली एवं फाजिलनगर में शनिवार को, नगर पंचायत कप्तानगंज में सोमवार को साप्ताहिक बंदी घोषित की गई है। डीएम ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी निर्धारित बंदी दिवस का अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। डीएम ने बताया कि बंदी के दिन भोजन, दवा, सर्जिकल उपकरण, सिनेमा, नाई हेयरड्रेसर, कटिंग, सैलून, मिठाई दूध, परिवहन सेवायें, होटल आदि की दुकानों पर साप्ताहिक बंदी के प्रावधान लागू नहीं होंगे।