पडरौना। रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या को लेकर राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए हैं। उनकी पहल के बाद रेलवे ने अंडरपास में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तकनीकी टीम को मौके पर लगाया है। अधिकारियों ने तीन सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया है।
पडरौना में बना रेलवे अंडर पास अभी चालू नहीं हुआ है लेकिन इसमें पानी भर गया है। लोगों ने इसकी शिकायत राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने तत्काल रेलवे के उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय और रेलवे के संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर अंडरपास में हुए जलभराव की समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। रेलवे अधिकारियों ने सांसद को बताया कि अंडरपास के निर्माण में आई कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण पानी जमा हो रहा है। समस्या के समाधान के लिए तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर काम शुरू करा दिया गया है।