मथौली। हाटा-कप्तानगंज मार्ग स्थित झागा बाजार चौराहे पर हल्की बारिश होते ही जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जा रही है। इससे चौराहे से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है,इसके बावजूद जिम्मेदारों को इससे कोई लेना-देना नहीं दिखाई दे रहा है। शायद, उन्हें किसी हादसे व अनहोनी होने का इंतजार है।
चौराहे के लोगों व दुकानदारों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कार्य पूरा करा दिया गया है, लेकिन पानी नहीं निकल रहा है। बारिश होने पर नाली का पानी सड़क पर फैल जा रहा है। इससे लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। दुकानदारों के मुताबिक,नाली का गंदा पानी सड़क पर फैलने के बाद ग्राहक दुकानों पर पहुंचने से कतराते हैं,इस तरह उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से उचित जलनिकासी का प्रबंध करते हुए नाली की सफाई कराए जाने की मांग की है। ताकि उन्हें राहत मिल सके। संवाद