रामकोला। एडी हेल्थ गोरखपुर डॉ. जयंंत कुमार ने मंगलवार शाम करीब छह बजे सीएचसी रामकोला का निरीक्षण किया। अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और चिकित्सा प्रभारी को नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडी स्वास्थ्य ने अस्पताल परिसर में सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया और कहा कि मरीजों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इस दौरान उन्होंने सरकारी एंबुलेंस की जांच कर उसमें उपलब्ध दवाओं और ऑक्सीजन की स्थिति की जानकारी ली। निर्देश दिया कि एंबुलेंस में रखी दवाओं व ऑक्सीजन की रोजाना जांच की जाए, ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार की स्थिति जानी। इसी क्रम में बिहुली सोमाली उर्फ हनुमानगंज निवासी 19 वर्षीय आदित्य कुमार गोंड, जिसे सुबह सांप ने काट लिया था, का उपचार चल रहा था। चिकित्सकों ने बताया कि मरीज को समय पर इलाज दिया जा रहा है। निरीक्षण के समय स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी राजीव रंजन, प्रियंका कनौजिया सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे।