पडरौना बस डिपों में धरना पर बैठे संविदा चालक एंव परिचालक संर्घष समिति के लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
पडरौना। रोडवेज के संविदा चालक व परिचालक संघर्ष समिति की ओर से पडरौना डिपो परिसर में किया जा रहा क्रमिक अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को अनशन पर बैठे कर्मियों ने चेतावनी दिया कि अगर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को यहां से कार्यमुक्त नहीं किया गया तो वे लोग बृहस्पतिवार को सामूहिक त्याग पत्र देंगे तथा शुक्रवार से गोरखपुर रोडवेज बस स्टेशन परिसर में आमरण अनशन करेंगे।
संगठन के अध्यक्ष लक्ष्मण राजभर की अगुवाई में संविदा चालक व परिचालक सोमवार से बस डिपो परिसर में क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। बुधवार को क्रमिक अनशन के तीसरे दिन इन संविदा कर्मियों ने कहा कि सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संविदा के अलावा नियमित कर्मचारियों का भी शोषण करते हैं। जो कर्मचारी इनकी शिकायत अधिकारियों से करता है तो उसे नौकरी से हटाने की धमकी देते हैं।
अगर क्षेत्रीय प्रबंधक को यहां से नहीं हटाया गया तो संविदा कर्मचारी बृहस्पतिवार को सामूहिक रूप से त्याग पत्र देंगे। इसके बाद शुुक्रवार से गोरखपुर रोडवेज बस स्टेशन परिसर में आमरण अनशन शुरू करेंगे। अनशन कर रहे संविदा कर्मियों को बुधवार को यूएनपीजी कालेज पडरौना के छात्रसंघ पदाधिकारी और छात्रनेताओं ने भी अपना समर्थन दिया।
इस दौरान अजीत कुमार यादव, अनीष विश्वकर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, रामनिवास प्रसाद, मनोज जायसवाल, संपूर्णानंद, गजाधर मद्घेशिया, मुन्ना पांडेय, बिरजू प्रसाद, ओंकार उपाध्याय, जितेंद्र वर्मा, सुग्रीव गौतम, राजेश प्रसाद, सुरेंद्र, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।